आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी वर्करों और पदाधिकारियों में जोश भरने में जुटी कांग्रेस पार्टी द्वारा बैठकों का दौर जारी है, जिसमें शिकायतों पर शिकायतें आ रही हैं। चार जिलों के हलका प्रधानों और पार्टी वर्करों के साथ प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ और प्रदेश प्रभारी आशा कुमारी ने कांग्रेस भवन में बैठक की। जानकारी के अनुसार इस बैठक के दौरान हलका प्रधानों और पार्टी वर्करों ने पदाधिकारियों के समक्ष शिकायतों का पिटारा खोल दिया।
वर्करों का कहना था कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन के दो साल बाद भी हालत यह है कि अफसर ही उनकी बात नहीं सुनते। यही नहीं, कुछ हलकों में तो कांग्रेस विधायक और मंत्री भी पार्टी वर्करों को पूरी तरह अनदेखा कर रहे हैं। दोनों पदाधिकारियों द्वारा वर्करों को भरोसा दिलाया गया कि जल्दी ही उनकी शिकायतों का निपटारा होगा। बैठक के दौरान बठिंडा लोकसभा हलके में चुनाव को लेकर विचार विमर्श किया गया।
पता चला है कि इस सीट पर किसी सीनियर कांग्रेस नेता को उतारने की वकालत की गई। बैठक में बठिंडा, श्री आनंदपुर साहिब, होशियारपुर और फिरोजपुर के विधायकों, हलका इंचार्ज, ब्लाक प्रधानों से भी चुनावी स्थिति के साथ-साथ उनकी पसंद के प्रत्याशियों के बारे में भी चर्चा की गई। इस संबंध में विधायकों और हलका प्रधानों ने कुछ नाम भी प्रदेशाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी को सुझाए हैं।
बैठक के बारे में प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बताया कि बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा नहीं हुई है और हलकों के प्रभारियों से लिखित में उनके विचार लिए गए हैं। जाखड़ ने माना कि पार्टी वर्करों की अफसरशाही के व्यवहार को लेकर शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या को बहुत हद तक दूर कर दिया गया है और सरकार की अफसरशाही पर पकड़ मजबूत हुई है। फिर भी पार्टी वर्करों और नेताओं की जो शिकायतें हैं, उन्हें दूर किया जाएगा।