भाजपा सरकार इतिहास बदलने की कोशिश कर रही है और इसके लिए लोगों को सचेत करने की जरूरत है। यह कहना है, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव शकील अहमद का।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई रोल माडल शख्सियत नहीं है जिसे वे जनता के सामने पेश कर सकें। इसलिए वह बाबा साहेब और सरदार बल्लभ भाई पटेल जैसे महान नेताओं को अपनाने की कोशिश कर रही है जबकि आरएसएस ने उन नेताओं की हमेशा आलोचना करती रही है।
भाजपा हमेशा ही आरक्षण के खिलाफ रही है। लोकसभा स्पीकर का हाल ही में दिया गया यह बयान बहुत शर्मनाक है जिसमें उन्होंने कहा कि आरक्षण का आगे बढ़ाकर उन्होंने पाप किया है। इससे भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता उजागर होती है।
विज्ञापन
बाबा साहेब को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं ने इस बात पर जोर दिया है कि आने वाले समय में अंबेडकर के विचारों को पूरे देश में जोर शोर के साथ फैलाया जाए, क्योंकि संविधान निर्माता का कांग्रेस के साथ अटूट रिश्ता रहा है।
कांग्रेस ने हमेशा ही उनकी प्रतिभा का सम्मान करते हुए उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। बाबा साहेब डाक्टर बीआर अंबेडकर की 125 वीं जयंती कए उपलक्ष्य में रविवार को कांग्रेस की ओर से सेक्टर-36 स्थित पीपुल्स कनवेंशन सेंटर में ‘डॉ. बीआर अंबेडकर, संविधान- दलितों का सामाजिक और आर्थिक उत्थान’ विषय पर एक राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया।
आरक्षण पर दुष्प्रचार को दूर करने की जरूरत: सैलजा
कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा
- फोटो : अमर उजाला
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कई अध्यादेश लेकर आई, लेकिन दलितों पर अत्याचार रोकने के लिए कोई अध्यादेश नहीं लाई। जब कांग्रेस ने दबाव बनाया तो एट्रोसिटी बिल पारित किया गया।
उन्होंने कहा कि एससी एसटी को दिए जा रहे आरक्षण को लेकर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार को दूर करने की जरूरत है क्योंकि यह आरक्षण उन्हें संविधान के तहत दिया गया है। उन्होंने प्रमोशन में आरक्षण की वकालत की। इसके साथ ही सरकार से इसके लिए कानून बनाने की मांग की।
अंबेडकर ने हर वर्ग के विकास की योजनाएं बनाईं: राजू
एआईसीसी के एससी डिपार्टमेंट के चैयरमेन व आयोजन कमेटी के संयोजक के राजू ने कहा कि बाबा साहेब महान व्यक्तित्व थे जिन्होंने न सिर्फ दलित बल्कि समाज के हर वर्ग के विकास के लिए योजनाएं बनाईं।
पंजाब कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमर सिंह ने कहा कि आज वे दल डॉ. अंबेडकर को अपनाने का दिखावा कर रहे हैं जिन्होंने कभी उनका समर्थन किया नहीं किया और उनके आरक्षण के विचारों के विरोधी रहे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने आरक्षण का समर्थन करते हुए जोर दिया कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि आरक्षण का फायदा निचले तबके तक हो। उन्होंने साथ में दलितों के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भले ही देश की जीडीपी लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन गरीब और अमीरों के बीच बढ़ रहा है। इसलिए हमे ऐसे कदम उठाने होंगे ताकि दलितों को उनके कल्याण के लिए बनाई गई योजनाओं का पूरा लाभ पहुंच सके।
कांग्रेस सरकार ने हरियाणा में दलितों को प्लाट दिए: हुड्डा
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हरियाणा में दलितों के बच्चों का स्कूलों में ड्राप आउट रेट कम करने के लिए वजीफा दिया और दलितों के परिवारों को घर बनाने के लिए प्लाट उपलब्ध कराए।
इस मौके पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर, हिमाचल प्रदेश के सामाजिक न्याय मंत्री कर्नल डाक्टर सांडिल्य, नेशनल कमीशन फार शिड्यूल कास्ट के सदस्य ईश्वर सिंह, मनेरेगा वर्कर्स यूनियन पंजाब के जनरल सेक्रेटरी जय सिंह, डाक्टर प्रसाद व हरियाणा, पंजाब और हिमाचल के कई एससी विधायकों, शिक्षाविदों ने सेमिनार में हिस्सा लिया।