भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुलदीप बिश्नोई
- फोटो : फाइल फोटो
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा से ईडी की लगातार दो दिन घंटे पूछताछ और कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई के घर व संस्थानों पर आयकर विभाग की छापेमारी ने प्रदेश की सियासत गरमा दी है। कांग्रेस ने हुड्डा व बिश्नोई के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
एआईसीसी के मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि एक और दिन और एक और कांग्रेस नेता पर सियासी हमला। इस बार निशाना पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा बने हैं। ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग भाजपा के अग्रणी संगठन बन चुके हैं। इन जांच एजेंसियों की कांग्रेस नेताओं पर अत्याचार ढाने और मुकदमा चलाने के लिए जांच पूरी ही नहीं हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि न झुकेंगे, न डरेंगे और न दबेंगे। जो हिम्मत हार चुके हैं, वो साथ छोड़ दें, जिन्हें जंग लड़नी है वो ही साथ चलें। भाजपा सरकार द्वारा कुलदीप बिश्नोई और भूपेंद्र हुड्डा के खिलाफ दबाव और बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई के विरोध में 27 जुलाई को हिसार में रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
भाजपा सरकार की दबाव की कार्रवाई के खिलाफ राष्ट्रपति के नाम डीसी को ज्ञापन देंगे। कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह भूप्पी ने बताया कि रोष प्रदर्शन व ज्ञापन देने का नेतृत्व रणदीप सिंह सुरजेवाला, हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर करेंगे।