देश की नींव मजबूत रखने के लिए गांवों के महत्व का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ग्रामीण ढांचे में किसी तरह की कमजोरी मुल्क की प्रगति में रुकावट पैदा करेगी। उन्होंने भारत की उन्नति के लिए इन नींवों को मजबूत करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि गांवों और यहां के लोगों की सुरक्षा शहरों और मुल्क को बचाने के लिए सहायक होगी।
कांग्रेसी सांसद ने कैप्टन सरकार की तरफ से ग्रामीण बुनियादी ढांचे के सुधार के लिए किये जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव में खर्च किया जा रहा पैसा राज्य के लोगों की खून-पसीने की कमाई है और एक-एक पैसा भ्रष्टाचार से मुक्त होकर लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि स्मार्ट गांव मुहिम के अंतर्गत स्कीमें भी निचले स्तर पर विचार-विमर्श करने के बाद तैयार की गई हैं, जिससे निश्चित रूप से वांछित नतीजे सामने आएंगे।
दूसरे चरण के तहत ‘हर घर पक्की छत’ का भी लक्ष्य
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि इस मुहिम के दूसरे चरण में पंजाब में 13,264 पंचायतों को उचित फंड प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इच्छा उन मकान मालिकों की सहायता करने की भी है, जो कच्ची छत वाले घरों में रह रहे हैं। ‘हर घर पक्की छत’ के मनोरथ से गांवों के गरीबों को बेहतर सहूलतें मुहैया करवाई जाएंगी। इसके अलावा साल 2020-21 के लिए ग्रामीण इलाकों में 750 स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। इस उद्देश्य के लिए एक ब्लॉक में कम-से-कम पांच स्टेडियम बनाने का लक्ष्य है।