अपने लच्छेदार भाषण और क्रिकेट की कमेंटरी के जरिये लोगों का दिल जीतने वाले पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू नौ दिन तक मौन व्रत पर रहेंगे। पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद सिद्धू के मौन व्रत की जानकारी उनकी पत्नी एवं पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने ट्वीट करके दी है। उन्होंने लिखा है कि सिद्धू नवरात्रों में मौन रहेंगे। इस दौरान वह किसी बाहरी व्यक्ति से मुलाकात भी नहीं करेंगे। पांच अक्तूबर के बाद ही उनसे मुलाकात हो सकेगी।
शारदीय नवरात्र सोमवार से शुरू हो गए हैं। सिद्धू मां दुर्गा को काफी मानते हैं। इस दौरान वह पूरे नौ दिन मौन व्रत करके मां दुर्गा का ध्यान करेंगे। बताया जा रहा है कि जेल में सिद्धू से मिलने वालों का तांता लगा रहता है। आए दिन उनके प्रशंसक मिलने आते हैं। लोगों को परेशानी न आए, इसलिए नवजोत कौर ने सिद्धू के मौन व्रत की जानकारी सार्वजनिक की है।
एक साल की सजा मिली हुई है
नवजोत सिंह सिद्धू 34 साल पुराने रोड रेज मामले में इस समय पटियाला की सेंट्रल जेल में एक साल कैद की सजा काट रहे हैं। सिद्धू अपने घर से 1.5 किलोमीटर दूर पटियाला के शेरावाले गेट की मार्केट पहुंचे थे। इस दौरान मार्केट में उनकी 65 साल के बुजुर्ग गुरनाम सिंह से कार पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। हाथापाई की नौबत आ गई।
इस दौरान सिद्धू ने गुरनाम सिंह को घुटना मारकर गिरा दिया। इसके बाद गुरनाम की अस्पताल में मौत हो गई थी। हालांकि इस मामले में उन्हें पहले राहत मिल गई थी लेकिन मृतक का परिवार सिद्धू को मिली राहत के खिलाफ रिव्यू पिटीशन दायर की। इस याचिका की सुनवाई करते हुए सर्वोच्च अदालत से सिद्धू को एक साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी।