कुलदीप, रेणुका विश्नोई, राहुल गांधी
- फोटो : फाइल
कांग्रेस हाईकमान से नाराज चल रहे आदमपुर के विधायक कुलदीप बिश्नोई के तेवर तल्ख होते जा रहे हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर ट्वीट बम फोड़ा। कांग्रेस विधायक ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सराहना करते हुए कांग्रेस के वर्तमान हालात पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि दबाव और पैसे के प्रभाव में फैसले लेने से किसी भी पार्टी का डूबना तय है।
कुलदीप ने ट्वीट के साथ अपने पिता व पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के राजीव गांधी के साथ अनेक चित्र भी साझा किए हैं। उन्होंने लिखा कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी क्षमता, योग्यता को देखते हुए मेरिट के आधार पर फैसले लिया करते थे। यही कारण रहा कि कांग्रेस लंबे समय तक अपराजित ताकत रही। हमें आज आधुनिक भारत के निर्माता राजीव गांधी की कमी महसूस होती है।
कुलदीप के इस ट्वीट के अनेक मायने निकाले जा रहे हैं। उनकी हाल ही में सीएम मनोहर लाल के साथ गुरुग्राम में मुलाकात हुई है। उसमें राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई थी। उसके बाद कांग्रेस हाईकमान पर इस तरह से निशाना साधना कोई सामान्य बात नहीं है। कुलदीप खुद हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बनना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने पूर्व विधायक उदयभान को जिम्मेदारी सौंप दी, इससे वह सख्त नाराज चल रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात का समय मांगा था, जो अभी तक नहीं मिला है।
प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल समय दिलाने के लिए हाईकमान के संपर्क में हैं, लेकिन कुलदीप के सब्र का पैमाना छलक रहा है। उनका दबाव और पैसे के प्रभाव में फैसले लेने का तंज सीधा हाईकमान पर है, वह बिना किसी का नाम लिए यह कहना चाहते हैं कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खेमे के दबाव में सैलजा को हटाकर उदयभान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुलदीप बिश्नोई भविष्य में क्या कदम उठाते हैं, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।