पंजाब में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कई कांग्रेसी दिग्गजों को झटका लगने वाला है। कांग्रेस ने एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति को टिकट देने का फैसला किया है। पार्टी की हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
वहीं, पंजाब के कांग्रेस सांसदों ने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के दौरान सभी 117 सीटों से टिकट के दावेदारों पर विचार कर रणनीति बनाई गई। पार्टी नेता ललित माकन ने कहा कि यह अच्छा निर्णय है। हम सब मिलकर प्रत्याशियों पर फैसला लेंगे।
यह फैसला इसलिए महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि सीएम चरणजीत चन्नी के भाई डॉ. मनोहर सिंह इस बार चुनाव मैदान में उतरने के इच्छुक हैं। वह खरड़ के सीनियर मेडिकल अफसर पद से इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं, मंत्री राणा गुरजीत भी अपने बेटे को सुल्तानपुर लोधी से चुनाव लड़वाना चाहते हैं।