कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया ने विधानसभा चुनाव में हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है।
बाबरिया ने कहा कि पिछले सप्ताह हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद उन्होंने हाईकमान को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, लेकिन इस मामले में उन्हें कोई निर्णय नहीं बताया गया।बाबरिया ने कहा कि पिछले सप्ताह नतीजों के बाद मैंने इस्तीफा देने की पेशकश की थी। मैंने हाईकमान को कहा था कि आप मेरी जगह किसी और को ला सकते हैं। मेरी तबीयत ठीक नहीं है और नतीजों के बाद यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी है। इसे ध्यान में रखते हुए मैंने हाईकमान से कहा था कि अगर आप ठीक समझें तो मेरी जगह किसी और को ला सकते हैं।
लोकसभा चुनावों के बाद भी मैंने दिल्ली के प्रभारी पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी, लेकिन उस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। इसी तरह, हरियाणा के लिए भी कोई निर्णय नहीं लिया गया, लेकिन इस्तीफा देने की पेशकश करना मेरी जिम्मेदारी थी।