चुनावी रणनीतिकार सुनील कानुगोलू से कराया कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा में सर्वे
गुरुग्राम से राज बब्बर व अजय यादव के अलावा तीसरे नाम पर चल रहा मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। गुटबाजी और धड़ेबंदी में बंटी हरियाणा कांग्रेस की सिफारिश पर नहीं, बल्कि कांग्रेस हाईकमान ने चुनावी सर्वे रिपोर्ट के आधार पर टिकटों का आवंटन किया है। हुड्डा और एसआरके गुट की ओर से बार-बार अपने चहेतों को टिकट दिलाने को लेकर की गई किलेबंदी को तोड़ते हुए कांग्रेस हाईकमान ने चुनावी रणनीतिकार सुनील कानुगोलू से हरियाणा में सर्वे कराया है। यही सर्वे रिपोर्ट टिकटों का आधार है।
कानूगोलू ने वीरवार को ही अपनी रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी थी। इस रिपोर्ट में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर श्रुति चौधरी के स्थान पर अकेले विधायक राव दान सिंह का नाम दिया गया था। वहीं, रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा, सिरसा से कुमारी सैलजा, सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी और फरीदाबाद से अकेले महेंद्र प्रताप के नाम दिए गए थे। हिसार सीट को लेकर जाट और नॉन जाट का फार्मूला दिया गया था। जाट नेताओं में पूर्व सांसद जेपी को पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह से आगे एक नंबर पर रखा गया था, जबकि गैर जाट में चंद्रमोहन और रामनिवास घोड़ला का नाम था।
इस रिपोर्ट में सबसे हाॅट सीट करनाल में वीरेंद्र मराठा और वीरेंद्र राठौर का नाम दिया गया था, साथ ही सत्ता से पंजाबियों की नाराजगी को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने युवा पंजाबी चेहरे दिव्यांशु बुद्धिराजा को मैदान में उतारा है। गुरुग्राम सीट को लेकर पेच फंस गया है, क्योंकि करनाल से पंजाबी चेहरा आ चुका है, इसलिए यहां पर राज बब्बर व कैप्टन अजय यादव के अलावा तीसरे नाम पर मंथन चल रहा है।