चंडीगढ़। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा कई सालों से शहर में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है लेकिन इस बार स्थितियां अलग हैं। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के सलाहकार मनोज परिदा सेक्टर-42 की न्यू लेक पर छठ पूजा की इजाजत देने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा है कि अगर संस्थाएं कोरोना के दिशा-निर्देश का पालन करेंगी तो छठ पूजा की इजाजत दे दी जाएगी। हालांकि इससे पहले पुलिस ने पूर्वांचल की संस्थाओं को लेक पर छठ पूजा करने से मना कर दिया था। अब परिदा के बयान के बाद छठ पूजा के आयोजन की उम्मीद जग गई है।
पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन ने 28 अक्तूबर को डीसी मनदीप सिंह बराड़ को एक पत्र लिखा था और सेक्टर-42 की न्यू लेक पर छठ पूजा करने की इजाजत मांगी थी। पत्र में एसोसिएशन ने लिखा था कि उन्हें 20 नवंबर को अपराह्न 3:30 बजे से लेकर शाम 6:30 बजे तक और 21 नवंबर को सुबह 3 बजे से लेकर सुबह 6:30 बजे तक की इजाजत चाहिए ताकि पावन पर्व छठ पूजा का आयोजन किया जा सके। पत्र में इस बात का भी जिक्र किया गया कि पिछले कई सालों से पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन को न्यू लेक पर छठ पूजा का कार्यक्रम आयोजन करने की इजाजत मिलती रही है। इसलिए इस वर्ष भी उन्हें इजाजत दी जाए।
एसोसिएशन के इस पत्र को डीसी ऑफिस द्वारा एसएसपी ऑफिस भेजा गया। इसके बाद एसएसपी ऑफिस की तरफ से इस पत्र को सेक्टर-36 थाना के एसएचओ को भेज दिया गया। एसएचओ ने संस्था के पदाधिकारियों को बताया कि शहर में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, इसलिए उन्हें इजाजत नहीं दी जा सकती। इस पर एसोसिएशन के प्रेस सचिव राजीव कुमार पांडे ने कहा कि जब शहर में अन्य सभी गतिविधियों को मंजूरी दी जा रही है तो फिर छठ पूजा को रोकने का कोई तुक नहीं बनता। उन्होंने कहा कि छठ पूजा का इंतजार बिहार के लोग साल भर करते हैं। कहा कि, प्रशासन को छठ पूजा के लिए विशेष व्यवस्था करनी चाहिए ताकि लोग सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए छठ पूजा कर सकें।
भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ने प्रशासक से मांगा समय
न्यू लेक पर छठ पूजा करने की इजाजत नहीं मिलने का मामला गर्माता जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष हरिशंकर मिश्रा ने प्रशासक वीपी सिंह बदनौर से मिलने का समय मांगा है। हरिशंकर मिश्रा ने कहा कि छठ पूजा बिहार और पूर्वांचल के लोगों का सबसे बड़ा त्योहार है। कोरोना की वजह से प्रशासन लोगों को न्यू लेक पर छठ पूजा करने की अनुमति नहीं दे रहा है। इससे बिहार और पूर्वांचल के लोगों में खासी नाराजगी है। उन्होंने विभिन्न राज्यों का हवाला देते हुए कहा कि अन्य कई राज्यों की सरकारों ने छठ पूजा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। कई जगह घाट की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पूजा कर सकें। हरिशंकर मिश्रा ने कहा कि चंडीगढ़ में भी इस तरह की व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया लोगों को छठ पूजा मनाने की इजाजत दी जाए। हरिशंकर मिश्रा ने विभिन्न मुद्दों पर सहमति के लिए पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी बदनौर से मिलने का भी समय मांगा है।
वर्जन
अगर संस्थाएं कोरोना के दिशा-निर्देशों का पालन करेंगी तो उन्हें इजाजत दी जा सकती है। संस्थाओं को डीसी से मिलना चाहिए।
- मनोज परिदा, सलाहकार, प्रशासक चंडीगढ़