चंडीगढ़। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस की पूर्व संध्या पर पीजीआई डायरेक्टर प्रो. जगतराम ने रक्तदाताओं के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके बल पर ही महामारी के इस दौर में भी प्लाज्मा बैंक की परिकल्पना को साकार करना संभव हो सका है।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 के दौरान भी प्लाज्मा के साथ ही रक्तदान करने वालों का उत्साह कम नहीं हुआ है। उनकी बदौलत ही पीजीआई ने क्षेत्र के पहले प्लाज्मा बैंक की स्थापना करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि कोरोना को मात दे चुके लोगों के प्लाज्मा डोनेट करने का क्रम लगातार जारी है। प्लाज्मा दान करने वालों में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के साथ ही पीजीआई के स्टाफ भी शामिल है। उन्होंने शहर की पहली पॉजिटिव मरीज फिजा गुप्ता और उनके भाई द्वारा प्लाज्मा डोनेट करने से शुरू हुए इस क्रम को लगातार आगे बढ़ाने वाले अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने पॉजिटिव मरीजों से अपील की कि वे ठीक होने के बाद दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए प्लाज्मा दान कर कोरोना से जंग में जीत के क्रम को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।