दो माह से वेतन के लिए संघर्ष कर रहे शहर के सरकारी स्कूलों के कंप्यूटर शिक्षकों ने वीरवार को मूंगफली बेचकर अपना रोष प्रदर्शन किया।
सेक्टर-20 स्थित मस्जिद ग्राउंड में दोपहर को शिक्षक एकत्र हुए और यहां उन्होंने स्टाल लगाकर मूंगफली बेची। बाद में शिक्षक सेक्टर-19 स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय में एकत्र हुए और यहां उन्होंने हंगामा किया।
शिक्षकों ने कार्यालय का घेराव करने की भी कोशिश की। यह शिक्षक सेक्टर-20 से डीईओ ऑफिस तक पैदल ही गए। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी शिक्षकों के इस रोष प्रदर्शन में शामिल हुए।
डीईओ ऑफिस में जब कंप्यूटर शिक्षकों ने हंगामा किया तो वहां बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद शिक्षकों को बताया गया कि वह अपनी मांगों को लेकर स्पिक के अधिकारियों से मिलें, क्योंकि स्पिक ही एमओयू की शर्त को बदल सकता है।
एमओयू में अभी इंक्रीमेंट की शर्त नहीं है। कंप्यूटर टीचर्स जहां वेतन देने की मांग कर रहे हैं वहीं वह लंबे समय से उन्हें रेगुलर करने की मांग भी कर रहे हैं।
इन शिक्षकों का कहना है कि पंजाब सरकार ने उन सभी कंप्यूटर टीचर्स को नियमित कर दिया, जिन्हें नौकरी करते हुए ढाई साल हो गए हैं।
लेकिन, प्रशासन ऐसा नहीं कर पा रहा है। नियमित करना तो दूर प्रशासन शिक्षकों का वेतन भी नहीं बढ़ा रहा है।