चंडीगढ़। सेक्टर 16 के जाकिर हुसैन रोज गार्डन में शनिवार को नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने अधिकारियों के साथ शनिवार को बैठक की। इस बैठक में 54वें रोज फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी की जाएं। किसी भी स्तर पर देरी न हो।
उन्होंने अधिकारियों से रोज फेस्टिवल की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि आयोजन सुचारु और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।
अमित कुमार ने अधिकारियों को आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा और समग्र अनुभव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, अस्थायी ढांचों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
आयुक्त ने कहा कि रोज फेस्टिवल को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तैयारियों की प्रगति की निगरानी के लिए आने वाले दिनों में और समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी।