चंडीगढ़। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट (यूजी)-2025 परीक्षा से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी की रिपोर्ट करने के लिए एक प्लेटफार्म लॉन्च किया है। प्रशासन ने शुक्रवार को पोर्टल के बारे में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने परीक्षार्थियों को सतर्क रहने और धोखाधड़ी करने वाले तत्वों की झूठी बातों में न आने की अपील की है। संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट दर्ज कराने की अंतिम तिथि 4 मई शाम 5:00 बजे तक है।
दिशा-निर्देश में कहा गया है कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से कोई भी व्यक्ति उन वेबसाइटों, सोशल मीडिया अकाउंट्स या व्यक्तियों की शिकायत कर सकता है जो नीट- 2025 के प्रश्नपत्र की जानकारी देने का दावा करते हैं या खुद को एनटीए या सरकारी अधिकारी बताकर धोखा देने की कोशिश करते हैं। रिपोर्टिंग फॉर्म को सरल रखा गया है, जिसमें व्यक्ति घटना का विवरण, समय व स्थान और कोई भी सहायक सामग्री अपलोड कर सकता है जो जांच में मददगार हो सकती है। यह रिपोर्टिंग पोर्टल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइटों https://nta.ac.in और https://neet.nta.ac.in पर उपलब्ध है। ब्यूरो