चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के कई स्टूडेंट्स कंपार्टमेंट व रिवैल्यूएशन के आवेदन लॉकडाउन के कारण नहीं कर पाए। अब यह तिथियां फिर से खोलने की मांग की है ताकि विद्यार्थी आवेदन कर सकें।
इनसो चेयरमैन रजत नैन ने वीसी प्रो. राजकुमार को पत्र लिखा है। इसमें लिखा है कि कंपार्टमेंट व रिवैल्यूएशन की प्रक्रिया विद्यार्थी पूरी नहीं कर पाए थे और न ही वह शुल्क जमा कर पाए। छात्रों को लॉकडाउन में अन्य तमाम बाधाएं आई थीं। सैकड़ों स्टूडेंट्स इस लाभ से वंचित रह गए। इसके कारण उन्हेेें नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा है कि अब परीक्षाओं का समय आ गया है, लेकिन उन छात्रों के हितों को ध्यान में रखा जाए जो इसके लिए अप्लाई नहीं कर पाए हैं। इसके लिए तिथि खोली जाएं।
उन्होंने कहा है कि पीयू को छात्रों के हितों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उनके लिए शुल्क आदि जमा करने की व्यवस्था की जाए ताकि वह इसका लाभ ले सकें। इसके साथ ही कई अन्य छात्रों की समस्याओं के बारे में भी उन्होंने अवगत कराया है। पीयू परीक्षाओं की स्थिति को लेकर जो खाका तैयार कर रहा है उसे भी सार्वजनिक किया जाए ताकि विद्यार्थियों के दिमाग में आ रहे सवालों के जवाब उन्हें मिल सकें। उनकी जिज्ञासा शांत करना जरूरी है।