मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने भिवानी जिले के बाढड कस्बे में भाजपा के स्थापना दिवस पर किसान रैली आयोजित की। इस रैली में पहली और दूसरी बेटी को सुविधा देने वाली सरकार ने अब तीसरी कन्या को भी आर्थिक सुविधा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी बेटी के लिए भी राशि जमा कराई जाएगी। पहली कन्या के जन्म पर सरकार 21 हजार रुपये जमा कराती है, जो आगे 18 साल की आयु में बढ़कर एक लाख रुपये हो जाएंगे।
अब किसान को ही मिलेगी मुआवजा राशि
पट्टे और ठेके पर जमीन लेकर खेती करने वाले किसान (काश्तकार) फसल खराब होने पर मुआवजा या अन्य सहायता राशि से वंचित नहीं रहेंगे। काश्तकार किसानों को अब एक फार्म भरकर ग्राम सभा से अनुमोदित कराना होगा। इसके बाद मुआवजा राशि काश्तकार को ही मिलेगी।
यह घोषणा मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने सोमवार को जिले के बाढड कस्बे में भाजपा के स्थापना दिवस पर आयोजित किसान रैली में की। सीएम की इस घोषणा से प्रदेश के उन लाखों काश्तकारों को राहत मिलेगी, जिनका मुआवजा राशि पर सीधा हक नहीं था। ऐसे किसानों को मुआवजा राशि के लिए जमीन मालिकों के मुंह की ओर ताकना पड़ता था।