चंडीगढ़ में स्टेडियम चौक पर एक रिटायर्ड जज की कार से स्कूल बस की टक्कर हो गई तो पुलिस ने एक घंटे तक बच्चों को रोके रखा। सेक्टर-22 मोबाइल मार्केट की ओर से दोनों वाहन लाइट प्वाइंट क्रॉस करने के बाद बगल से टकरा गए।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनोें पक्षों से पूछताछ की, इसके बाद दोनों पक्ष समझौते के लिए राजी हो गए। लेकिन, इस दौरान एक घंटे से अधिक समय तक पुलिस ने कार्रवाई पूरी होने तक बच्चों से भरी बस को रोककर रखा था।
बस सेक्टर-43 स्थित शिशु निकेतन की थी। जबकि, कार एक रिटायर जज की थी। हादसे के दौरान रिटायर जज कार में नहीं थे। कार के साथ पुलिस की जिप्सी भी मौजूद थी।
चालकों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
राहुल, कार चालक ने बताया कि कार और स्कूल बस दोनों सेक्टर-22/23 लाइट प्वाइंट पर लाल बत्ती पर रुकी थी। हरी बत्ती होने के बाद दोनों वाहन बढ़े। इस दौरान जिप्पी तेजी से आगे निकल गई। जिप्सी के निकलते ही बस चालक ने तेजी से अंदर की ओर टर्न लिया और कार में टक्कर मार दी। हादसा उस वक्त हुआ जब सर को छोड़कर लौट रहा था।
वहीं संजय, बस चालक ने बताया कि दोनों वाहन लाइट प्वाइंट पर खड़े थे। वहां से निकलते ही कार चालक ने गलत तरीके से क्रॉस मारते हुए बस में टक्कर मार दी। कार चालक ने जल्दबाजी की, इस कारण हादसा हुआ।
भूख से परेशान रहे बच्चे
बस की लेडी अटेंडेंट तारा ने बताया कि पुलिस ने करीब एक घंटे से अधिक देर तक बस को रोक कर रखा। जबकि, बस में सुबह स्कूल गए करीब तीस छोटे बच्चे बैठे हैं। बच्चों ने कई बार भूख लगने की शिकायत भी की, लेकिन, पुलिस ने बस ले जाने की अनुमति नहीं दी।
सूचना पाकर पहुंचे परिजन
घटना के बाद बच्चों के परिजनों को सूचना दी गई। कुछ परिजन अपने वाहन से स्टेडियम चौक पर बच्चों को लेने पहुंच गए। घटना के बाद वहां भीड़ जैसी स्थिति हो गई। वहीं दूसरी ओर भूख के कारण बच्चों की हालत खराब थी।
मीडिया पहुंची तो हरकत में आई पुलिस
सूचना पाकर घटनास्थल पर मीडियाकर्मी पहुंचे। फोटोग्राफर जब बस में बैठे छोटे बच्चों की फोटो लेने लगे तो इसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने सुलहनामे पर हस्ताक्षर करवाकर बस ड्राइवर को जाने के लिए कहा। इसके बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस को समय का अंदाजा नहीं
सेक्टर-22 चौकी के एएसआई से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बस को करीब 15 से 20 मिनट ही रोका गया था। जबकि, कार चालक राहुल और लेडी अटेंडेंट तारा दोनों ने घटना के बाद घंटों दोनों वाहनों को रोके जाने की बात बताई थी।