पहाड़ों पर बर्फबारी, सर्द हवाओं और कोहरे के कारण 15 दिसंबर से ही हरियाणा में जनजीवन प्रभावित है। प्रदेश में 19 साल का रिकॉर्ड तोड़ चुकी ठंड अब शून्य डिग्री के पास पहुंच चुकी है। भीषण ठंड के मैदानी इलाकों में ठहरने से शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से नीचे आ गया।
सुबह हल्की धुंध व बादल छाने से करीब 12 बजे सूर्य बादलों की ओट से निकला। दिन में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली, मगर दिन ढलने के साथ ठिठुरन बढ़ गई। हिसार में दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम तो रात तापमान 7 डिग्री तक कम दर्ज किया गया। सुबह दृश्यता महज 50 मीटर रही, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई।
कोहरे के कारण ट्रेनें भी प्रभावित हुई। रोहतक, महेंद्रगढ़ समेत कई शहर शिमला, मनाली से भी ज्यादा ठंड रहे। रोहतक में 2011 के बाद न्यूनतम तापमान सबसे कम 1.8 डिग्री पहुंचा है। उधर, चंडीगढ़ में दिसंबर में पहली बार रात का पारा सामान्य से नीचे आया।
एक पखवाड़े तक शीत लहर चलने और खेतों में पाला जमने से सब्जियों और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद ही शीत लहर और प्रदूषण से राहत मिल सकती है।
लगातार कोल्ड डे रहने का टूटा रिकॉर्ड
हिसार में पिछले 15 दिनों से कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। इससे पहले कभी भी इतने दिनों तक लगातार ऐसी स्थिति नहीं बनी।
पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिससे 31 दिसंबर देर रात से 3 जनवरी के दौरान आंशिक बादल व बीच-बीच में गरज चमक व हवाओं के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। - डॉ. मदन खीचड़, कृषि मौसम विभागाध्यक्ष, हकृवि
शीत लहर के प्रकोप को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि जहां तक मुनासिब हो, घरों से बाहर न निकलें। दिनभर गर्म पेय पदार्थों का सेवन करते रहें। आस पड़ोस में कोई बुजुर्ग अकेला है तो उस पर विशेष नजर रखें। पौष्टिक खाने का सेवन करें। आवश्यकतानुसार गर्म कपड़े पहनें। जरूरत पड़ने पर चिकित्सक के पास जाएं।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
हिसार 10.5 0.2
नारनौल 14.0 0.5
करनाल 10.0 1.5
रोहतक 10.0 1.8
सिरसा 8.5 2.0
फरीदाबाद 13.5 2.4
गुरुग्राम 13.0 2.4
भिवानी 16.8 3.9
अंबाला 12.4 4.1
कुरुक्षेत्र 10.5 4.2
चंडीगढ़ 11.7 5.1
फरीदाबाद में प्रदूषण गंभीर स्तर पर
हवाओं की गति मंद पड़ने से दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को हरियाणा में फरीदाबाद की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रही। जहां एक्यूआई 447 रिकॉर्ड किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का पूर्वानुमान है कि 31 दिसंबर को हवाओं की चाल बेहतर होने के बाद प्रदूषण छंट सकता है।
शहर एक्यूआई
फरीदाबाद 447
नोएडा 442
गाजियाबाद 430
दिल्ली 407
पानीपत 341
करनाल 327
गुरुग्राम 303