कुरुक्षेत्र में शराब कारोबारी की हत्या के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर मंगलवार शाम उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने डीजीपी को गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कारोबारी की हत्या में शामिल अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
सीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
सीएम ने अधिकारियों को स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) को और अधिक संसाधन व स्टाफ उपलब्ध कराने को कहा है ताकि कोई भी गैंगस्टर या अपराधी कानून से बच न सके। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सरकार की पहली प्राथमिकता है। जिन नागरिकों को धमकी या फिरौती संबंधी फोन आ रहे हैं, उन्हें तुरंत सुरक्षा दी जाए। साथ ही इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी करें जिसे इमरजेंसी सेवा 112 से लिंक किया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से साफ तौर पर कहा कि धरातल पर पुलिस की उपस्थिति ऐसी होनी चाहिए जिससे जनता सुरक्षित महसूस करे और गैंगस्टरों में कानून का डर हो। उन्होंने कहा किसी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।