पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से कहा है कि को-ऑपरेटिव बैंकों में भी 500 और 1000 के नोट बदलने और जमा कराने की इजाजत दी जाए। जेटली को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने मांग की है कि वह निजी दखल देकर बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट 1949 के तहत परिभाषित बैंक की तर्ज पर जिला सहकारी बैंकों को भी नोटबंदी के फैसले से जुड़ी स्कीमें लागू करने की अनुमति देने के लिए रिजर्व बैंक को निर्देश जारी करें।
मुख्यमंत्री बादल ने पत्र में लिखा है कि जिला सहकारी बैंकों की अधिकतर शाखाएं उन इलाकों में काम कर रही हैं, जहां अन्य निजी या सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाएं नहीं हैं। वहां लोगों खासकर किसानों की मुश्किलें सहकारी बैंकों की शाखाएं ही हल करती हैं। बादल ने यह भी लिखा कि कर्ज लौटाने और फिर से कर्ज की स्वीकृति पहले से जारी हिदायतों पर ही आधारित होगी। बादल ने वित्त मंत्री से आग्रह किया कि वे तुरंत दखल देकर रिजर्व बैंक को जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों में भी नोट बदलने व जमा कराने की सुविधा प्रदान करने के निर्देश दें।