मुख्यमंत्री मनोहर लाल (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकी हमले में शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एएसआई रमेश कुमार के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि आतंकियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे और शहीद रमेश कुमार की शहादत असंख्य युवाओं को अपनी मातृभूमि की रक्षा करने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश में एक विमान हादसे में शहीद हुए वायुसेना के जवान पंकज सांगवान और आशीष तंवर के निधन पर भी गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है। गौरतलब है कि 12 जून की शाम को अनंतनाग में हुए एक आतंकी हमले में केंद्रीय पुलिस बल के पांच जवान शहीद हो गए। झज्जर के एएसआई रमेश कुमार भी इनमें शामिल थे।
शहीदों के परिवार को नमन करता हूं: सुभाष बराला
इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने हरियाणा के शहीद हुए जवान रमेश कुमार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सेना के जांबाज 13 जवानों की शहादत देश व वायुसेना के बड़ी क्षति है। देश शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों को नमन किया।