हरियाणा के सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोमवार को प्रचार के आखिरी दिन झज्जर में हुई प्रेस कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि हरियाणा जैसे छोटे राज्य में प्रधानमंत्री ने कैथल सहित 11 रैलियां की, लेकिन उन्हें किसानों का दर्द दिखाई नहीं दिया।
हरियाणा में इस समय अकाल पड़ा है, धान और कपास के दाम निरंतर गिर रहे हैं। सीएम ने कहा कि हमने इस संबंध में केंद्र को पत्र भी लिखा, मगर इसका भी कोई लाभ नहीं हुआ।
पीएम के करनाल में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम ने कहा कि वास्तविकता यह है कि मार्केट फीस 1986 से लगी हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने पीएम को चिट्ठी भी लिखी मगर कोई पैकेज नहीं दिया गया। उधर, हरियाणा की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने टीवी चैनलों के सर्वे को निराधार करार दिया और दावा किया कि तीसरी बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हर वर्ग का ध्यान दिया है। पिछड़े वर्ग के 154 करोड़ के कर्ज माफ किए। प्रदेश में 70 हजार नौकरियां युवाओं को दीं। खेलों का बढ़ावा दिया गया। हरियाणा में अलग से शिरोमणि प्रबंधक कमेटी बनाई। सीएम ने दावा किया कि हरियाणा आज 14वें नंबर से नंबर एक पर पहुंचा गया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा सरकार की भूमि अधिग्रहण नीति अन्य से बेहतर रही है। वर्ष 2004 व 2009 के घोषणापत्र में किए वादे हमने पूरे किए हैं और अब जारी घोषणा पत्र को भी तीसरी बार सरकार बनने के बाद पूरा करेंगे।
सरकार पाक को जवाब दे, सभी देंगे साथ
कांग्रेसी नेता सतपाल देशवाल के निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में पाकिस्तानी हमले का जिक्र करते हुए सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार को इस मसले पर ठोस कदम उठाने चाहिए। सीएम ने याद दिलाया कि दो दिन पहले प्रधानमंत्री का बयान आया था कि हमने पाक का मुंह बंद कर दिया है। मगर दो दिन से पाक मुंह खोल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पर ठोस कदम उठाए, पूरा देश इस मसले पर साथ रहेगा।
जल्द पूरा करेंगे पानी के समान बंटवारे का सपना
खाप पंचायतों के सवाल पर सीएम ने कहा कि हमेशा से वे यह कहते रहे हैं कि खाप पंचायती कार्य करती हैं। झज्जर से जलयुद्ध रैली के अमर उजाला के सवाल पर सीएम ने कहा कि हमने पानी के समान बंटवारे का वादा किया था। उस वादे को पूरा करने के लिए हम प्रयासरत रहे हैं। हमने इसके लिए हांसी बुटाना लिंक नहर का निर्माण करवा दिया है जबकि भाखड़ा के पंचर करने पर कोर्ट ने स्टे लगा रखा है। हमें उम्मीद है कि ये वादा जल्दी पूरा करेंगे। इस अवसर पर शिक्षामंत्री गीता भुक्कल भी मौजूद रही।