पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी के मुख्य संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई घटिया टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। बादल ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी और इसके नेताओं की प्रतिदिन कोई न कोई आपराधिक भूमिका स्पष्ट होने कारण पैदा हुई मायूसी का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह घटिया सियासी नौटंकी है, जो मुख्यमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देती। मुख्यमंत्री ने केजरीवाल को घटिया सियासत वाले नुक्कड़ नाटक बंद कर विकास और लोगों की सेवा वाली सियासत करने की सलाह दी। बादल ने कहा कि हम यहां लोगों की सेवा करने का बुनियादी कार्य निभाने के लिए बैठे हैं, नौटंकी करने और चिड़चिड़ापन दिखाने के लिए नहीं। लोगों की ओर से दी गई सेवा की जिम्मेदारी को गंभीरता से निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत चिंता की बात है कि केजरीवाल के बयान और कार्य दुनिया भर में भारत के अस्तित्व को गंभीर क्षति पहुंचा रहे हैं। वह विश्व की सबसे बड़ लोकतंत्र का मजाक बना रहे हैं और देशवासियों के लिए विश्व भाईचारे में हास्यास्पद स्थिति पैदा कर रहे हैं। बादल ने केजरीवाल को कहा कि यह घटिया और बेकार टिप्पणियां देश के लाखों लोगों का अपमान हैं, जिन्होंने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में मोदी में विश्वास व्यक्त किया है।