मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिवाली और बंदी छोड़ दिवस के मौके पर लोगों को बधाई दी है। उन्होंने लोगों को यह त्योहार सद्भावना और मेल मिलाप की भावना के साथ प्रदूषण रहित मनाने की भी अपील की है। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने लोगों को पटाखों से दूर रहने का न्योता दिया, जिससे बढ़ रहे प्रदूषण को रोका जा सके। उन्होंने लोगों को अपने घर खुशियों के साथ रोशन करने को कहा।
उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी के लिए वातावरण की सुरक्षा करने की ज़िम्मेदारी हमारे कंधों पर है। उन्होंने माँ लक्ष्मी की परंपरागत तरीके से पूजा अर्चना और मिट्टी के दीए जलाकर अपने घर में लाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने लोगों को यह त्योहार सांप्रदायिक सद्भावना, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना के साथ मनाने का न्योता दिया है।
इसी दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों खासकर सिख पंथ को ऐतिहासिक बंदी छोड़ दिवस के मौके पर बधाई दी। दिवाली के मौके पर 1612 ईसवीं को छठे गुरू श्री हरगोबिन्द साहिब जी ने ग्वालियर के किले से 52 हिंदु राजाओं को रिहा करवाया था। इस संबंध में ‘बंदी छोड़ दिवस’ मनाया जाता है। कैप्टन ने विश्वकर्मा दिवस के मौके पर भी लोगों को अपनी शुभ कामनाएं दीं और उम्मीद प्रकट की है कि भगवान विश्वकर्मा की शिल्पकारी लगातार सभी को प्रेरित करती रहेगी और काम की मर्यादा की भावना को बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि यह त्यौहार पंजाब के लोगों के लिए शांति और खुशहाली लेकर आएं ।