पटियाला में विधानसभा में विरोधी पक्ष के नेता चरनजीत सिंह चन्नी ने बादल सरकार से किसानों व खेत मजदूरों के कर्ज माफ करने की मांग की है। चन्नी ने कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को पीएम नरेंद्र मोदी से स्पेशल पैकेज मांगना चाहिए।
चन्नी समाना के गांव गाजीसलार में कर्ज से परेशान होकर खुदकुशी करने वाले किसान जसवंत सिंह के परिवार से मुलाकात करने पहुंचे हुए थे। इस मौके पर उनके साथ विधायक परनीत कौर, हरदियाल सिंह कंबोज और पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर मौजूद थे।
इस मौके पर कांग्रेस की ओर से पीड़ित किसान परिवार को दो लाख की आर्थिक मदद दी गई। चन्नी ने इस मौके पर सरकार से पीड़ित परिवार के एक मेंबर को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
चन्नी ने कहा कि पंजाब की काटन बेल्ट में भी खेती के तबाह होने से परेशान किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री बादल को राज्य के किसानों व खेत मजदूरों को राहत देने के लिए पीएम मोदी से स्पेशल पैकेज मांगना चाहिए।
चन्नी ने खुलासा किया कि सरकार व राज्य की यूनिवर्सिटियों की ओर से खुदकुशी करने वाले किसानों की गिनती पर किए सर्वे में बड़ा अंतर पाया गया है। इस कड़ी के तहत जहां सरकार ने केवल 80 खुदकुशी मानी हैं, जबकि यूनिवर्सिटियों के आंकड़े बताते हैं कि पिछले चार साल के दौरान करीब 3000 खुदकुशी हुईं हैं।
इसके बाद चन्नी बेरोजगार लाइनमैनों के पटियाला में माल रोड पर धरनास्थल पर पहुंचे और मरणव्रत पर बैठे प्रदेश प्रधान पिरमल सिंह का हाल-चाल पूछा। चन्नी ने बेरोजगार लाइनमैनों के धरने में भी हिस्सा लिया।
चन्नी ने कहा कि पिछले 15 दिनों से धरने पर बैठे बेरोजगार लाइनमैनों प्रति सरकार का रवैया लापरवाह है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी आने वाले विधानसभा सेशन में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएगी।