चंडीगढ़। मानसून इन दिनों लो प्रेशर एरिया से गुजर रहा है, जिसकी वजह से शहर में कमजोर हो गया है। सोमवार को तेज धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। मंगलवार को शहर और आसपास बादल छा सकते हैं जबकि बुधवार को बारिश के आसार हैं। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3 डिग्री ज्यादा है।
इसके अलावा पंचकूला में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और मोहाली में 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार मंगलवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक शहर में काफी अच्छी बारिश हुई है। एक जून से लेकर अब तक 443 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से 44.5 फीसदी ज्यादा है। हालांकि अभी 20 जुलाई के बाद भी अगले कुछ दिन बारिश की संभावना जताई जा रही है।