चंडीगढ़। सीवर सफाई कर्मचारी 27 जून को नगर निगम कार्यालय के बाहर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे। इस सिलसिले में वीरवार को कर्मचारियों ने सेक्टर-29, 37, 52 और सेक्टर-4 के मेंटेनेंस बूथ पर बैठक की। यह प्रदर्शन ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए समान काम के लिए समान वेतन देने सहित अन्य मांगों के समर्थन में होगा। बैठक में मांग की गई कि ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए सुरक्षित पॉलिसी बनाई जाए। हेड सीवरमैन के खाली सात पदों को जल्द भरा जाए। गम बूट, बरसती का भुगतान जल्द किया जाए, ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों को भी तेल, साबुन तथा वर्दी दी जाए। एसटी प्लांट पर काम कर रहे ठेके के कर्मचारियों को चंडीगढ़ के डीसी रेट्स अनुसार वेतन दिया जाए, दैनिक भोगी कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग का लाभ दिया जाए।
सीवर इंप्लाइज के नेताओं ने कहा कि यदि मांगों का हल नहीं किया गया तो 27 जून को नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक को यूनियन के प्रधान सुरेश कुमार, समन्वय समिति के महासचिव राकेश कुमार, यूनियन के सचिव नरेश कुमार, राहुल वैद्य और दविंदर कुमार ने संबोधित किया।