मेहनत रंग लाती है तो दिल बाग-बाग हो उठता है, लेकिन मेहनत हरा रंग लाई तो अब पुरस्कार भी मिलेगा। पंचकूला में हर तरफ हरियाली और सौंदर्यीकरण के लिए कुछ ऐसी ही पहल की जा रही है।
इसके तहत पार्कों को सुंदर, साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाए रखने के लिए क्लीन एंड ग्रीन स्कीम शुरू की गई है। इसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी होगी।
शहर में बने 270 पार्कों की खूबसूरती निखारने के लिए हर साल प्रतियोगिता होगी। जिसने सबसे ज्यादा हरियाली बिखेरी, उसे पुरस्कार मिलेगा। योजना के तहत विभिन्न वर्गों में 20 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा।
पंचकूला की पहचान सिटी ऑफ पार्क्स के तौर पर बनाने के लिए विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि पार्कों में पीने का पानी, लाइट, शौचालय, साफ-सफाई आदि का ध्यान रखा जाएगा।
पंचकूला में 270 पार्क हैं, जिनमें 12 बड़े पार्क हैं। हुडा के 82, नगर निगम के पास 175 पार्क हैं। अधिकतर पार्कों के लिए निगम ने कमेटियां गठित की हुई हैं, जबकि कुछ पार्कों की जिम्मेदारी हुडा के पास है।
हुडा पार्कों के रखरखाव की दिशा में कमेटियों का गठन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। रखरखाव के लिए 11-11 सदस्यीय कमेटी गठित होगी। इन कमेटियों में उन लोगों को शामिल किया जाएगा, जो सुबह के वक्त सैर के लिए यहां आते हैं।