पंजाब सचिवालय स्थित जेल और एनआरआई मामले विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पवन कुमार ने शुक्रवार को दफ्तर में जहर खाकर सुसाइड कर लिया। उसने दो फाइनेंसरों पर पैसे को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
थाना सेक्टर तीन पुलिस के मुताबिक पवन कुमार ने दोपहर में दफ्तर में ही जहर खा लिया। इसके बाद वह जमीन पर ही गिर पड़ा। जमीन पर गिरा देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पवन को सेक्टर 16 अस्पताल में भरती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई में रेफर कर दिया गया।
पवन की देर शाम पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक पवन के पास से मिले सुसाइड नोट में दो फाइनेंसरों पर पैसे को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। इसमें से एक फाइनेंसर की पहचान पंजाब निवासी मनप्रीत के तौर पर हुई है। पुलिस ने मनप्रीत समेत दो लोगों पर धारा 306 के तहत केस दर्ज कर लिया है।