चंडीगढ़। सेक्टर-37 के सरकारी स्कूल के बाहर 11वीं के छात्र पर वीरवार दोपहर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल छात्र बलौंगी का निवासी है। घटना स्कूल की छुट्टी के समय हुई जब बाइक सवार दो युवक पहले से घात लगाए खड़े थे। जैसे ही छात्र बाहर निकला, आरोपियों ने गर्दन पर हमला कर दिया।
छात्र ने जोर से शोर मचाया जिससे स्कूल से आए अन्य छात्रों के परिजन उसे बचाने दौड़े। आरोपी बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। घायल को तुरंत सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया। सेक्टर-39 थाना प्रभारी रामदयाल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी मोहाली के झामपुर इलाके के बताए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।