मेडिकल कॉलेज के गेट के बाहर तैनात पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उपमंडल जैतो के गांव रोड़ीकपूरा में कबड्डी टूर्नामेंट के मैच के दौरान रविवार देर शाम दो गुटों के बीच खूनी भिड़ंत में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दोनों गुटों के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की सूचना मिलते ही थाना जैतो पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव रोड़ीकपूरा और गांव वीरेवाला के दोनों गुटों के बीच कुछ समय पहले से ही किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। कुछ समय पहले उनका झगड़ा भी हुआ था लेकिन पंचायत ने उनका राजीनामा करवा दिया था। रविवार को गांव रोड़ीकपूरा में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के एक मैच दौरान उनके बीच फिर से कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों गुटों की तरफ से एक-दूसरे पर तेजधार हथियारों से वार किए गए। एक गुट की ओर से गोली चलाई गई जो गांव रोड़ीकपूरा निवासी जसवीर सिंह (24) के सिर पर लगी। वहीं गांव रोड़ीकपूरा निवासी संदीप सिंह, मनी, जसकरण सिंह, गुलजार सिंह और गांव वीरेवाला निवासी गुरप्रीत सिंह, गुरनैब सिंह व यादविंदर सिंह जख्मी हो गए। सभी को पहले कोटकपूरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया। उसके बाद उन्हें फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने जसवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया।
थाना जैतो प्रभारी इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। घायलों के बयान के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। गौरतलब है कि गांव रोड़ीकपूरा में तीन दिवसीय कबड्डी टूर्नामेंट चल रहा था। रविवार को अंतिम दिन था और वारदात के समय फाइनल मैच चल रहा था।