लंबे समय से चल रहीं धांधली की शिकायतों और आरोपों के बीच सिटको के जनरल मैनेजर (टूरिज्म) एके मल्होत्रा को मंगलवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
यूटी के गृह और पर्यटन सचिव तथा सिटको बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के चेयरमैन अनिल कुमार ने यह आदेश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक मल्होत्रा के खिलाफ शिकायतों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
सिटको को कई साल से अपनी सेवाएं दे रहे मल्होत्रा से दो दिन पहले ही कुछ चार्जेस वापस लिए गए थे। विभाग के कुछ लोग इसे सिटको के अंदर चल रही राजनीति का नतीजा भी बता रहे हैं। वैसे सिटको लंबे समय से घाटे में चल रहा है।
गत सितंबर में मिली थी शिकायत
प्रशासक के सलाहकार और मुख्य सतर्कता अधिकारी केके शर्मा को पिछले साल सितंबर में यह शिकायत मिली थी कि सिटको में लंबे समय से धांधलियां चल रही हैं।
केके शर्मा ने इस मामले की जांच विजिलेंस को सौंप दी थी। विजिलेंस ने इस पर सिटको से ही टिप्पणी मांगी थी। इसके बाद मामले की जांच के लिए पिछले सप्ताह तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई।
हालांकि कमेटी के गठन को लेकर भी सवाल उठे कि जिन यूनिटों में धांधली हुई, उन्हीं के अधिकारियों को कमेटी का सदस्य बना दिया गया।