पीजीआई ओपीडी के मरीजों को सीटी स्कैन के लिए नेहरू ब्लाक में जाना पड़ता है। इसके लिए उन्हें सफर तय करना पड़ता है, साथ ही वेटिंग भी झेलनी पड़ती है। कम से कम 20-25 दिन की वेटिंग, लेकिन ओपीडी के मरीजों को अब जल्द राहत मिलने वाली है।
पीजीआई प्रशासन ने ओपीडी में सीटी स्कैन की मशीन लगाने का फैसला लिया है। इसके लिए ओपीडी में एक सेंटर बनाया जाएगा। इसमें सीटी स्कैन की एक मशीन स्थापित की जाएगी।
इसमें एमआरआई मशीन लगाने की भी योजना है। बुधवार को ही सीटी सेंटर की आधारशिला रखी जाएगी। भूमि पूजन के लिए एक कार्यक्रम रखा गया है। इसमें पीजीआई के सीनियर डाक्टर भी शामिल होंगे।
सीटी स्कैन की वेटिंग कम होगी
ओपीडी में सीटी सेंटर बनने से नेहरू ब्लाक की वेटिंग पर भी असर कम पड़ेगा। साल दर साल सीटी स्कैन कराने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। पीजीआई में सीटी स्कैन की कुल पांच मशीनें हैं।
तीन नेहरू ब्लाक, एक एडवांस ट्रामा सेंटर व एक एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में स्थापित की गई है। साल 2012 इन पांचों मशीनों में कुल 64413 सीटी स्कैन हुए जबकि साल 2013 में 69761 सीटी स्कैन हुए।
एक साल में पांच हजार मरीजों की संख्या बढ़ गई, जबकि मशीनों की संख्या जस की तस रहीं। ओपीडी के मरीजों की संख्या अलग होने से काफी बोझ कम हो जाएगा और काफी राहत भी मिलेगी।