चंडीगढ़ में बाइक रैली निकाली गई।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सिटको) 48वां स्थापना दिवस मना रहा है। इसके तहत रविवार को हार्ले डेविडसन बाइक रैली निकाली गई। सेक्टर-17 के शिवालिक व्यू से शुरू हुई बाइक रैली सेक्टर-22, 35, सुखना लेक और शहर के कई इलाकों से होते हुए गुजरी और सेक्टर-17 में समाप्त हुई। इस बाइक रैली के साथ ही सात दिवसीय सिटको वीक का समापन हो गया।
वीक के दौरान सप्ताह भर विभाग की तरफ से कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में विभाग की तरफ से केक ऑन व्हील्स नामक झांकी तैयार की गई थी। स्थापना दिवस के दौरान मलोया स्थित स्नेहालय, बॉयज व गर्ल्स ऑर्फन होम और आशियाना के बच्चों 7 दिन फ्री हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस की सवारी कराई गई। सिटको के सभी होटल व रेस्टोरेंट्स में भोजन व कमरों की बुकिंग पर 3 अप्रैल तक न्यूनतम 20 प्रतिशत तक की छूट दी गई। इस दौरान जन्मदिन मनाने वाले मेहमानों को कंप्लीमेंट्री केक दिया गया।
सिटको के एक अधिकारी ने बताया कि सिटको के शहर भर में सात पेट्रोल पंप हैं और सभी पंपों पर नियमित उपभोक्ताओं को गिफ्ट वाउचर दिए गए। सिटको के पेट्रोल पंप पर तीन हजार रुपये तक का पेट्रोल भरवाने वाले लोगों को होटल माउंट व्यू में 30 प्रतिशत तक का डिस्काउंट दिया गया। दो हजार रुपये तक का पेट्रोल भरवाने वाले लोगों को शिवालिक व्यू होटल में 25 प्रतिशत तक का डिस्काउंट दिया गया, जबकि एक हजार रुपये का पेट्रोल भरवाने वालों को होटल व्यू में 20 प्रतिशत डिस्काउंट के वाउचर दिए गए। इसके अलावा सिटको के कर्मचारियों के लिए होटल माउंट व्यू में इंटर होटल खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सभी इकाइयों और होटलों के कर्मचारियों की भागीदारी के साथ रिले रेस, बोरी रेस, रस्साकशी आदि का आयोजन किया गया। सिटको ने अपने सभी गेस्ट और शहरवासियों से अपील की है कि वह अपना फीडबैक दें, ताकि वह भविष्य में अपनी सेवाओं में और सुधार कर सकें।