कार में बंद होने से झज्जर में दो बच्चों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
खेलते-खेलते तीन बच्चे कार में घुस गए। अचानक सेंट्रल लॉक हो गया और दम घुटने से दो बच्चों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा झज्जर के गांव डीघल के पाना मुढाण का है। हादसे के दौरान परिजन घर में चल रही सगाई की रस्म में व्यस्त थे।
करीब डेढ़ घंटे बाद परिजनों ने बच्चों की खैर खबर ली, लेकिन इधर-उधर तलाशने पर भी बच्चे नहीं मिले। करीब पांच बजे प्लॉट मालिक ने सूचना दी कि बाहर खड़ी कार में बच्चे बेसुध पड़े हैं। परिजनों ने किसी तरह कार का दरवाजा खोलकर बच्चों को बाहर निकाला और डीघल सीएचसी ले गए, जहां से उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया और एक को वेंटिलेंटर पर रखा है।
खुशियों पर मातम का साया
दो बच्चों की मौत हो जाने से राजेंद्र, चांद सिंह और अशोक के घर में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे, लेकिन वे भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।
घर में सगाई की रस्म चल रही थी, डेढ़ घंटे बाद पता चला
कार में बंद होने से झज्जर में दो बच्चों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जानकारी के अनुसार गांव डीघल निवासी राजेन्द्र के घर में उसके बेटे प्रवीण की सगाई का कार्यक्रम चल रहा था सगाई समारोह में शरीक होने के लिए आस-पास के बुर्जग व रिश्तेदार घर पहुंचे हुए थे और घर में मंगल गान हो रहा था। इसी दौरान राजेन्द्र के भाई चांद सिंह का बेटा यकीन(7), परिवार के ही अशोक का पुत्र रितिक (7)और अनुज का पुत्र यश(3) खेलते-खेलते पास के प्लॉट में खड़ी कार में घुस गए।
इसी दौरान कार का सेंट्रल लॉक बंद हो गया। करीब डेढ़ घंटे बाद सगाई का कार्यक्रम समाप्त हो गया तो बच्चों को नहीं देखकर परिजनों ने इधर-उधर तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसी बीच जिस प्लॉट में कार खड़ी थी, उसके मालिक ने सूचना दी कि कार में तीन बच्चे बेसुध पड़े हैं। इससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और किसी तरह कार का दरवाजा खोलकर तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया।
बेसुध बच्चों को सीएचसी डीघल लाया गया। गंभीर हालत देखकर चिकित्सकों ने बच्चों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने यकीन व रितिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि यश को वेंटिलेटर पर रखा गया है। यकीन इकलौता पुत्र है और रितिक का एक भाई है।
कार का सेंट्रल लॉक होने से दम घुटकर दो बच्चों की मौत हो गई है। फिलहाल इस मामले में इतफाकिया कार्रवाई की गई है।
- जयभगवान दहिया, डीघल चौकी इंचार्ज