डेंगू से पीड़ित कालका के खटीक मोहल्ला निवासी आर्यन (11) की रविवार को उपचार के दौरान चंडीगढ़ पीजीआई में मौत हो गई। बच्चे की मौत से लोगों में रोष है।
ज्ञात हो कि बीते शुक्रवार को कालका में डेंगू के छह मामले सामने आए थे। ये सभी स्थानीय निजी अस्पताल में इलाज कराने गए थे। वहीं आर्यन को यहां से चंडीगढ़ पीजीआई इलाज के लिए ले जाया गया था।
उसके पिता सुनील सेठी ने बताया कि वह शुक्रवार को आर्यन को पीजीआई ले गए थे, जहां उसका इलाज चल रहा था। रविवार सुबह आर्यन ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पीजीआई के डॉक्टरों के मुताबिक आर्यन की मौत डेंगू से हुई है।
दूसरी ओर पंचकूला के सीएमओ वीके बंसल का कहना है कि अभी तक हमारे यहां डेंगू से किसी की मौत नहीं हुई है और न ही किसी अस्पताल से इस बारे में सूचना दी गई है।