चंडीगढ़। आईएएस एच राजेश प्रसाद बुधवार को चंडीगढ़ प्रशासन में मुख्य सचिव के पद पर कार्यभार संभालेंगे। मंगलवार शाम वह चंडीगढ़ पहुंचेंगे। अमर उजाला से बातचीत में प्रसाद ने बताया कि प्रशासन जाॅइन करने के बाद वे सबसे पहले अधिकारियों की बैठक लेंगे।
उन्होंने कहा कि बैठक में विभाग में चल रही परियोजनाओं की जानकारी ली जाएगी और उसके आधार पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। प्रसाद ने कहा कि उन्होंने पहले कभी चंडीगढ़ में स्थायी रूप से काम नहीं किया है। हालांकि वह बैठक और अन्य कार्यक्रमों के सिलसिले में दो-तीन बार शहर का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें शहर में सेवा देने का पुराना अनुभव नहीं है फिर भी चंडीगढ़ की बेहतरी के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। मुख्य सचिव ने यह स्पष्ट किया कि वे चंडीगढ़ के लिए काफी सकारात्मक हैं और शहरवासियों की भलाई व विकास के लिए मेहनत करेंगे।