प्रदेश में 31 ब्लॉकों में उद्योग स्थापित करने के लिए अब सीएलयू (चेंज ऑफ लैंड यूज) लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार द्वारा प्रदेश में 68 ब्लॉक ऐसे भी चिन्हित किए हैं, जहां व्यापारियों को 90 दिन के भीतर सीएलयू देने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही उद्योग को बढ़ावा के लिए अव्यवहारिक कर नहीं लगाए जाएंगे।
यह घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को सेक्टर-3 इंडस्ट्रियल एरिया में हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन समारोह में व्यापारियों के समक्ष की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के साथ ही प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल माहौल बनाया है।
प्रदेश में निवेशकों की सुविधा के लिए अनेक सरल नीतियां बनाई गई हैं। इससे प्रदेश में सामाजिक-आर्थिक विकास होगा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। हरियाणा में उद्यमियों के लिए ई-बेस्ड सिंगल विंडो स्थापित की जा रही है। इससे सभी तरह की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इसके अलावा एक एकड़ भूमि पर 10 करोड़ की लागत तक लगने वाले उद्योग का लाइसेंस जिला उपायुक्त देंगे। इसी प्रकार 500 एकड़ व 100 करोड़ रुपये के निवेश वाले मेगा प्रॉजेक्ट की मंजूरी के लिए हरियाणा के मंत्रियों की एक कमेटी गठित की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के विकास पर बल दिया गया है। सीएम ने उद्योगपतियों को आश्वासन दिया कि उन पर लगाए जा रहे अव्यवहारिक कर हटाए जाएंगे। इनमें एचएसआईआईडीसी और नगर निगम दोनों कर लेते हैं, आगे ऐसा नहीं होगा।
सात व आठ मार्च को गुड़गांव में होगी इनवेस्टर मीट
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की औद्योगिक नीतियों में बदलाव के बाद अमेरिका, कनाडा, जापान व चीन के उद्यमियों ने पूंजी निवेश करने में गहरी रूचि दिखाई है। देश-विदेश के उद्यमियों के लिए आगामी 7 व 8 मार्च को में हैपनिंग- हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर सम्मिट और 9 मार्च को हरियाणा प्रवासी दिवस का आयोजन गुड़गांव में किया जा रहा है। इस अवसर पर खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कांबोज, सीपीएस बख्शीश सिंह विर्क, घरौंडा विधायक एवं हैफेड चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण, नीलोखेड़ी विधायक एवं जिला अध्यक्ष भगवानदास कबीरपंथी, ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, रेणू बाला गुप्ता, कृष्ण गर्ग, आईडी स्वामी, शशीपाल मेहता, सुभाष गोयल, पंकज भारती, भगवान दास अग्गी, सोमनाथ सचदेवा, बृज मोहन गुप्ता, अजीत डाबर, सीजी ढींगड़ा, विनय तनेजा, विरेन्द्र कुमार, निशान्त चावला, रघुप्रीत गोयल, जगदेव पाढा, केएल तनेजा, कृष्ण अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
फूडपैक क्लस्टर लिमिटेड वेबसाइट की लांच
मुख्यमंत्री ने ढाई करोड़ की लागत से मुगल माजरा में प्रस्तावित करनाल फूड पैक क्लस्टर लिमिटेड की वेबसाइट भी लॉन्च की। इसके अलावा एक टेलीफोन कम बिजनेस डायरेक्ट्री का भी विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि वेबसाइट के लांच होने से व्यापारी औद्योगिक दृष्टि से एक दूसरे के साथ जुड़े रहेंगे और व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में कुछ नया कर पाएंगे।
मेयर रेनू बाला गुप्ता बोलूं या ब्रज गुप्ता
मुख्यमंत्री ने भाषण शुरू करने से पहले मंच पर आसीन लोगों का नाम लिया। जब वे मेयर रेनू बाला गुप्ता का नाम लेने लगे तो मुख्यमंत्री ने कहा कि मेयर रेनू बाला गुप्ता बोलूं या फिर ब्रिज गुप्ता। इस पर कार्यक्रम में उपस्थित सभी हंस पड़े। बाद में सीएम ने मेयर रेनू बाला गुप्ता कहकर भाषण दिया।