हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री सुशासन सहयोग कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत युवाओं को सरकार के साथ एक वर्ष तक सुशासन सहयोगी के रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इसके तहत 21 प्रतिभाशाली युवाओं को हरियाणा के 21 जिलों में मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी जिला उपायुक्तों और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को जिले की विभिन्न समस्याओं को समझने एवं उन्हें सुलझाने का अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि चयनित युवा मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी को पहले दो सप्ताह प्रशिक्षण दिया जाएगा और इसके बाद उन्हें जिलों का कार्यभार संभाला जाएगा।
इस कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक युवा 15 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदक को इस तिथि को स्नातक और एक वर्ष का कार्यानुभव या स्नातकोत्तर होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, आवेदन की आयु 30 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन वेबसाइट www.cmgga.ashoka.edu.in पर जमा किए जा सकते हैं। अशोका यूनिवर्सिटी सोनीपत इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय की नॉलेज पार्टनर होगी।