पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने खेल मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर हरियाणा क्रिकेट एसोएिशन में बड़ी धांधली का आरोप लगाते हुए इस मामले की जांच की मांग की। विज को दी गई शिकायत में शर्मा ने प्रदेश में खेल परिसरों, सुविधाओं के अलावा खेल और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए जिलेवार एक-एक लाख रुपये देने को भी नाकाफी बताया।
शर्मा ने अपनी शिकायतों में प्रदेश में एक भी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के न होने सहित नौ बिन्दुओं पर जांच की मांग की है। हरियाणा में क्रिकेट के महान खिलाड़ी कपिल देव का जिक्र करते हुए चेतन शर्मा ने कहा कि मिट्टी में उन्हें भावी क्रिकेटरों को तराशने का मौका नहीं दिया गया। परिवारवाद के चक्कर में दर्जनों भावी क्रिकेटरों को आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल सका।
विज ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगर जरूरत हुई तो मामले की विजिलेंस जांच भी करवाई जाएगी। जांच में दोशी पाए जाने वाले पदाधिकारियों सहित तमाम लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को हिदायत देते हुए कहा कि उनके दफ्तर में गलतियों के लिए माफी का बॉक्स नहीं है।