अपने विधानसभा हलके मौड मंडी के गांव कुत्तीवाल में पंचायतों को चेक बांटने आए पीडब्ल्यूडी मंत्री जनमेजा सिंह सेखों के काफिले पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इसमें मंत्री तो बच निकले लेकिन उनके काफिले में चल रही डीएसपी दविंदर सिंह की गाड़ी के शीशे टूट गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यू विभाग के मंत्री जनमेजा सिंह सेखों बुधवार को गांव कुत्तीवाल में पंचायत को चेक बांटने पहुंचे थे। इस दौरान मौड मंडी ट्रक यूनियन के चल रहे विवाद को लेकर जब उन्हें कुछ लोग मिले तो उन्होंने निपटारे के लिए प्रशासनिक अधिकारी की ड्यूटी लगाने की बात कही। इस बात से गुस्साए लोगों ने सेखों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सेखों जब वहां से निकलने लगे तो उसी गांव के ही कुछ अन्य लोगों ने गांव में पानी की निकासी को लेकर उनका विरोध किया। जब पुलिस ने उन्हें शांत करना चाहा तो वह और भड़क गए और उन्होंने अकाली मंत्री के काफिले पर हमला बोल दिया।