ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर जमकर नकल चल रही है। यहां पुलिस की मौजूदगी में ही परीक्षार्थियों के परिजन खिड़की से नकल करवाते हैं। ऐसा ही मामला तलवंडी राणा स्थित स्कूल के परीक्षा केंद्र में देखने को मिला। जहां दो पुलिसकर्मी स्कूल की गैलरी में ड्यूटी पर तैनात थे। उनसे मात्र पांच से दस कदम पर खड़ा एक ग्रामीण खिड़की से नकल करवा रहा था।
पूछे जाने पर पुलिसकर्मी ने बताया कि यह तो स्टाफ का सदस्य है, जबकि ग्रामीणों ने बताया कि यह लड़का उनके ही गांव का है। इसके अलावा गांव बहबलपुर स्थित परीक्षा केंद्र में भी दीवार फांदकर परिजन परीक्षार्थियों को धड़ल्ले से नकल करवा रहे हैं।
32 हजार विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
सोमवार को जिले के 129 परीक्षा केंद्रों पर करीब 32 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई और पीसीआर ने भी बार-बार गश्त की। परीक्षा दोपहर 12:30 बजे शुरू हुई। परीक्षा शुरू होते ही पुलिस व परीक्षा केंद्र सुपरिंटेंडेंट ने परिजनों को सख्त आदेश दिए कि अगर परीक्षा केंद्र का माहौल खराब हुआ या नकल फेंकने की कोशिश की गई तो परीक्षा केंद्र रद्द कर दिए जाएंगे।
ये उठ रहे हैं सवाल
- रोल नंबर स्लिप में की गई गड़बड़ी सिर्फ फ्लाइंग को ही नजर आई, सेंटर सुपरिंटेंडेंट व परीक्षा निरीक्षक क्या कर रहे हैं।
- धारा 144 तोड़ने वालों पर पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही
- बाहर से नकल की पर्ची अंदर जाती है तो क्या अंदर भी नकल होती है।
- अगर अंदर नकल होती है तो सेंटर सुपरिंटेंडेंट व परीक्षा निरीक्षक क्या कर रहे हैं।