सेक्टर-51 की सेल्फ फाइनेंस हाउसिंग स्कीम के 200 फ्लैट्स में से 50 के लिए एश्योर्ड कोटे के तहत शुक्रवार को फाइनेंशियल बिड खोली गई, जिसमें दो आवेदकों गगनदीप मैदान और चंद्र मोहन ने 77.50 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली दी।
एश्योर्ड कोटे के तहत सबसे कम बोली 70.50 लाख रुपये की आई है। जबकि फ्लैट् का रिजर्व प्राइस बोर्ड 69 लाख रुपये तय किया था अब बचे 150 फ्लैट के लिए 31 जुलाई को ड्रा निकाला जाएगा। सेक्टर-9 बोर्ड कार्यालय में वीडियोग्राफी के बीच एश्योर्ड कोटे के फ्लैटों की बिड निकाली गई। इन सभी को पहली मंजिल में ही फ्लैट मिलेंगे। एश्योर्ड कोटे 50 फ्लैट्स के लिए कुल 83 ने बिड दी थी, लेकिन पांच लोगों ने बिड से अपना आवेदन वापस ले लिया था । अब जो 28 बिडर बचे हैं उन्हें ड्रा में शामिल कर लिया जाएगा।
192 लोगों ने किया है आवेदन
सीएचबी के अनुसार 150 फ्लैट्स के ड्रा के लिए 192 लोगों ने आवेदन किया है। एश्योर्ड कोटे में बढ़ते से घटते क्रम में आई बोली के अनुसार 50 फ्लैट्स निकाले गए हैं। इस स्कीम के तहत कुल 200 टू बीएचके फ्लैट्स का निर्माण होना है। बोर्ड के अनुसार तीन साल के भीतर ये फ्लैट्स बना दिए जाएंगे। बोर्ड के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ है कि जब किसी हाउसिंग स्कीम के लिए इतने कम ब्रोशर आए। जबकि यह स्कीम आठ साल बाद शहर में लांच हुई है। कुल फ्लैट्स की संख्या में पांच प्रतिशत कोटा आस्ट्रीज के लिए रिजर्व है।
1073 वर्ग फुट एरिया है फ्लैट का
इस स्कीम के तहत हर फ्लोर में 50 फ्लैट का निर्माण किया जाएगा। बोर्ड के अनुसार फ्लैट का कवर एरिया कुल 1073 वर्ग फुट होगा। इसमें पार्किंग और बालकनी का एरिया शामिल नहीं है। सभी चार फ्लोर में ड्राइंग, डाइनिंग रूम, किचन, दो बेडरूम, ड्रेसिंग रूम और स्टोर शामिल हैं। सभी कमरों के साथ टॉयलेट अटैच हैं। सभी के लिए पार्किंग के अलावा फ्लोर में लिफ्ट की भी अलग से व्यवस्था होगी। यहां पर चार मंजिला इमारत का निर्माण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में ग्राउंड फ्लोर पर ही स्टील पार्किंग की व्यवस्था है।