चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की शहर भर में भवन उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। बुधवार को सीएचबी की इंफोर्समेंट विंग ने बिना अनुमति निर्माण करने के चलते डड्डूमाजरा के पांच मकानों में हुए अवैध निर्माण को तोड़ दिया। इस दौरान लोगों ने बोर्ड की कार्रवाई का विरोध करने का भी प्रयास किया, लेकिन टीम के आगे उनकी एक नहीं चली, क्योंकि मौके पर पुलिस बल भी तैनात था।
ड्राइव के दौरान टीम की तरफ से जिन निर्माणों को हटाया गया है, उसमें कैंटिलीवर और सरकारी भूमि पर बनी हुई सीढ़ियां शामिल हैं। हाउसिंग बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि यहां उन मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिन्हें अवैध निर्माण रोककर तुरंत इसे हटाने के निर्देश दिए गए थे। नोटिस के बावजूद लोगों ने आदेश का पालन नहीं किया, जिस कारण बोर्ड ने खुद अवैध निर्माण गिराना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यहां कई आवंटियों का चालान किया गया है, जिनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड की ओर से कार्रवाई पर आया खर्च भी आवंटियों से ही वसूला जाएगा।