चौधरी बीरेंद्र सिंह ने राज्यसभा के लिए नामांकन भरा
- फोटो : अमर उजाला
राज्यसभा सदस्यता के लिए हरियाणा से भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने नामांकन भर दिया है। वहीं, दूसरे उम्मीदवार के लिए सुभाष चंद्र के नाम पर चर्चा चल रही है। इस मौके पर उनके साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यू, मंत्री ओम प्रकार धनखड़ समेत कई नेता मौजूद रहे।
नामांकन भरने के बाद चौधरी बीरेंद्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि 5 जून को वे प्रदेश में पहले जैसे हालात नहीं होने देंगे। गौरतलब है कि बीते दिन भाजपा ने राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। पहली सूची में 12 नाम थे, जिनमें पांच मंत्री शामिल हैं। जिन मंत्रियों को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है, उनमें वेंकैया नायडू, चौधरी बीरेंद्र सिंह, मुख्तार अब्बास नकवी, पीयूष गोयल और निर्मला सीतारमण शामिल हैं।
पार्टी ने उत्तर प्रदेश के प्रभारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर को राजस्थान से तो एक अन्य उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम रुपाला को गुजरात से उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा पार्टी ने अनिल माधव दवे को मध्यप्रदेश से, गोपाल नारायण सिंह को बिहार, रामविचार नेताम को छत्तीसगढ़ से, हर्षवर्धन सिंह और रामकुमार वर्मा को राजस्थान से उम्मीदवार बनाया है।