चरखी दादरी प्रदेश का 22वां जिला बनेगा। मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने रविवार को यहां आयोजित विकास रैली में इसकी घोषणा कर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से की जा रही मांग पूरी कर दी। नई अनाज मंडी में आयोजित रैली में खट्टर ने इसके अलावा अगले साल तक दो लाख युवाओं को रोजगार देने की मंशा भी स्पष्ट की।
जनसभा को संबोधित करते हुए खट्टर ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रदेश में रोजगार मुहैया करवाने के लिए सरकार ने 400 वादे किए हैं। अगले साल तक इन्हें अमलीजामा पहनाने के लिए छह लाख नौ हजार करोड़ रुपये का निवेश सरकार करेगी, इससे दो लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि विदेशी व राष्ट्रीय स्तर की 140 कंपनियों ने प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए जगह चयनित कर ली है। इन उद्योगों के शुरू होते ही एक लाख चालीस हजार युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता साफ होगा। कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने कहा कि अगले साल से सभी फसलों को फसल बीमा योजना में शामिल किया जाएगा। बेरोजगार स्नात्तकोतर युवाओं से प्रतिमाह सरकार सौ घंटे काम लेगी और इसके लिए इन्हें नौ हजार रुपये दिए जाएंगे।