अकाली नेता अनवर मसीह की कोठी से 188 किलो हेरोइन मिलने के मामले में जिला व सत्र न्यायाधीश दरबारी लाल की अदालत ने नौ आरोपियों पर आरोप तय कर दिए हैं। अब मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी। एसटीएफ ने 30 जनवरी 2020 को हेरोइन की यह खेप पकड़ी थी।
आरोपियों में सुखबीर सिंह उर्फ हैपी, अंकुश कपूर, सुखविंदर सिंह, मेजर सिंह, मनतेज सिंह उर्फ मिक्की, तमन्ना गुप्ता, अफगान नागरिक अरमान बशअरमल, कुलदीप सिंह उर्फ सोनू और मलकीत सिंह के नाम शामिल हैं।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इस मामले में एक एफआईआर गुजरात में भी दर्ज की थी। दरअसल, समुद्र के रास्ते हेरोइन पहले गुजरात पहुंची और वहां से अमृतसर लाई गई थी। इस संबंध में गुजरात पुलिस आठ माह पहले नामजद आरोपियों को फतेहपुर जेल से अदालत के जरिये गुजरात ले गई थी। सोमवार को गुजरात पुलिस सभी आरोपियों को लेकर अदालत पहुंची। अन्य हरमिंदर रंधावा उर्फ रोमी, मंजीत सिंह उर्फ मन्ना अभी तक फतेहपुर जेल में बंद हैं। कपड़ा कारोबारी अंकुश कपूर, मनी एक्सचेंजर हनीतपाल सिंह, अर्जुन अटवाल समेत चार आरोपी जमानत पर हैं।