चंडीगढ़। छात्र नेता गुरलाल बराड़ की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को जिला अदालत में चार्जशीट दायर कर दी। यह चार्जशीट दो आरोपियों गुरविंदर सिंह और गुरमीत सिंह के खिलाफ दायर की गई है। दोनों आरोपियों को हत्या के समय वाहन उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि शूटर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
मामला 10 अक्तूबर 2020 का है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। गुरलाल बराड़ औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक मॉल के बाहर अपनी गाड़ी में बैठकर किसी के आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान दो युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। आरोपियों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। गुरलाल के सिर में गोली लगने के कारण वह बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस और गुरलाल के दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत के 15 दिनों के बाद गुरविंदर और गुरमीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था।