चंडीगढ़ यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) डोमेस्टिक क्रिकेट को नया आयाम देते हुए कुछ अन्य टूर्नामेंट शुरू करने जा रहा है। हाल ही में आयोजित गली क्रिकेट टूर्नामेंट और शहीद चंद्रशेखर आजाद सीनियर टी-20 लीग की सफलता के बाद शहर में क्रिकेट का ग्राफ बढ़ गया है। इससे उत्साहित होकर यूटीसीए अब अक्तूबर में चंडीगढ़ महिला प्रीमियर लीग (सीडब्ल्यूपीएल) की शुरुआत करने जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पीयू छात्रसंघ चुनाव: मैदान में पंजाब और हरियाणा सरकार भी, मीत हेयर और दिग्विजय चौटाला ने बैठक में की चर्चा
रविवार को सेक्टर-17 स्थित निजी होटल में यूटीसीए की 43वें एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) के दौरान अध्यक्ष संजय टंडन ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसमें सभी आयु वर्ग में महिला क्रिकेटरों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। वहीं, अक्तूबर के तीसरे सप्ताह में विजय मर्चेंट ट्रॉफी शुरू होने से पूर्व यूटीसीए तीसरे स्वर्गीय बलरामजी दास टंडन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट अंडर-16 की मेजबानी करेगा। इसमें 12 राज्यों के क्रिकेटर हिस्सा लेंगे। गत वर्ष छह राज्यों की प्रतिभागिता से अपना दायरा बढ़ाते हुए यूटीसीए बेहतर प्रयास करने जा रहा है। दोनों टूर्नामेंटों की रुपरेखा जल्द घोषित कर दी जाएगी।
फिटनेस और फील्डिंग को लेकर सजग
टंडन ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन को ओर मजबूती देने की दिशा में कई प्रयास किए जा रहे हैं। यूटीसीए खिलाड़ियों की फिटनेस और फिल्डिंग को लेकर काफी सजग है। पिछले सीजन में किए गए प्रदर्शन को लेकर पूर्व क्रिकेट खिलाड़ियों से सलाह करने के बाद अब फिटनेस और फिल्डिंग के कैंपों का अधिक संख्या में लगाने जा रहे हैं। इस दिशा में सपोर्ट स्टाफ को भी प्रभावी बनाया है।