अम्रुत योजना के तहत वर्ष 2015-2016 के दौरान सुधारात्मक पहल करते हुए उत्कृष्ट कार्यों के प्रदशर्न के लिए चंडीगढ़ नगर निगम को पुरस्कृत किया जाएगा। नगर निगम के कमिश्नर बी पुरुषार्था ने बताया कि 30 सितंबर को दिल्ली में आयोजित इंडो - सैन कार्यशाला के दौरान नगर निगम को यह पुरस्कार दिया जाएगा।
इस कार्यशाला का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। बी पुरुषार्था ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन और अम्रुत योजना के तहत उठाए गए कदमों के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। शहरी विकास विकास मंत्रालय के अम्रुत योजना के तहत 70 फीसदी से भी अधिक सुधार करने के लिए चंडीगढ़ नगर निगम को चुना गया है। कुल 27 में से 19 सुधारों ंके लिए तय मानकों पर खरा उतरना अनिवार्य रखा गया था। जबकि चंडीगढ़ नगर निगम ने 27 में से 24 सुधारों को लागू कर दिया।